भिवानी : बहल गांव में मंगलवार सुबह सुरपुरा रोड स्थित नाले में अचानक आग भड़क गई। करीब 100 मीटर लंबे नाले में आग फैलने के बाद आसपास काले धुएं का गुबार छा गया। आग की चपेट में नाले के पास मौजूद पेड़ और बिजली के तार भी आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 9 बजे नाले में आग लगने की जानकारी सामने आई। कुछ ही देर में आग फैल गई और उससे निकलने वाला काला धुआं काफी दूर तक दिखाई देने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी।
बहल निवासी राजेंद्र के अनुसार नाले में आग देखकर उन्होंने प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने अपने स्तर पर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
ग्रामीणों का कहना है कि बहल में फायर ब्रिगेड का कार्यालय नहीं होने के कारण दमकल वाहन को पहुंचने में समय लगा। आग इतनी तेज थी कि नाले के आसपास मौजूद कुछ पेड़ और बिजली के तार भी इसकी चपेट में आ गए। हालांकि नाला रिहायशी क्षेत्र से दूर होने के कारण किसी घर के आग की चपेट में आने की सूचना नहीं है।
बहल थाना SHO उग्रसेन ने बताया कि सुरपुरा रोड स्थित नाले में आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए गए और बाद में फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाई गई।
इस घटना को दो दिन पहले हुए केमिकल टैंकर हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है। 19 सितंबर की देर रात बहल बस स्टैंड के पास केमिकल से भरा एक टैंकर पलट गया था। हादसे के बाद टैंकर से केमिकल का रिसाव हुआ और वह आसपास के नाले में फैल गया था।
पुलिस ने आशंका जताई है कि नाले में मौजूद इसी केमिकल के कारण मंगलवार को दोबारा आग भड़की हो सकती है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है। प्रशासनिक टीमें अब नाले में मौजूद केमिकल को हटाने और क्षेत्र को सुरक्षित करने का काम कर रही हैं।
इससे पहले टैंकर पलटने के करीब आठ घंटे बाद 20 सितंबर की सुबह रिसे हुए केमिकल में आग लग गई थी। आग ने आसपास मौजूद कुछ खोखों और रेहड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया था। उस समय भी फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था।
टैंकर से रिसे केमिकल के कारण पानी की सप्लाई व्यवस्था भी प्रभावित हुई थी। सुरपुरा रोड स्थित जलघर से बूस्टिंग स्टेशन तक आने वाली पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण केमिकल मिला पानी बूस्टिंग स्टेशन के करीब 68 हजार लीटर क्षमता वाले टैंक तक पहुंचने की बात सामने आई थी।
इसके बाद कुछ समय के लिए गांव में पानी की सप्लाई भी हुई थी। घरों में पहुंचे पानी से तेज गंध आने पर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी दी और एहतियात के तौर पर पानी का इस्तेमाल रोक दिया। बाद में संबंधित पाइपलाइन की मरम्मत करने के साथ टैंक को खाली कराया गया।
लगातार दूसरी बार आग की घटना सामने आने के बाद अब प्रशासन नाले में बचे केमिकल को हटाने पर काम कर रहा है, ताकि दोबारा ऐसी स्थिति पैदा न हो। फिलहाल मंगलवार की घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
![]()











