रंगोली के रंगों में सजा विकसित भारत का संकल्प तपस्या एंड टीम ने जीता प्रथम पुरस्कार

5
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर की आदर्श कालोनी स्थित राजकीय मिडिल स्कूल में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के मुख्याध्यापक शमशेर सिंह ने की। वहीं मुख्यातिथि के तौर पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सारिका मंगला ने शिरकत की। विद्यालय की महिला स्टाफ की ओर से मुख्य अतिथि को शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से देश के विकास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प एवं विचार को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में तपस्या एंड टीम ने प्रथम, प्रिंस एंड टीम ने द्वितीय तथा अवनी एंड टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अपने संबोधित में सारिका मंगला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों के प्रति जागरूकता पैदा करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ाती हैं। स्कूल के मुख्याध्यापक शमशेर सिंह ने कहा कि विद्यालय में समय-समय पर ऐसी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। कार्यक्रम के समापन पर विजेता व प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर संतोष रानी, नवनीत, विनोद कुमार, नरेश कुमार, सुनीता रानी और कमलेश विशेष रूप से मौजूद रहे।

Loading