यमुनानगर : छछरौली क्षेत्र के गांव जैधर में ट्रैक्टर-ट्रॉली के अंदर मृत मिले 25 वर्षीय अरुण कुमार के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस जांच तेज हो गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शरीर के अंदर गंभीर चोटों और अत्यधिक आंतरिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया है। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर चार युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमॉर्टम में अरुण के शरीर के अंदर गंभीर चोटें मिलने की बात सामने आई है। डॉक्टरों के मुताबिक हृदय और लीवर को गंभीर नुकसान पहुंचा था, जिससे शरीर के अंदर काफी रक्तस्राव हुआ। शरीर पर रगड़ के निशान मिलने की जानकारी भी सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये चोटें किन परिस्थितियों में लगीं।
जांच के दौरान पुलिस के हाथ घटना से जुड़ा एक वीडियो भी लगा है। इसमें अरुण ट्रैक्टर-ट्रॉली के अंदर अचेत अवस्था में दिखाई दे रहा है। उसके पास मौजूद एक युवक उसे उठाने और संभालने का प्रयास करता नजर आता है। कई प्रयासों के बावजूद अरुण की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर युवक उसके ऊपर कपड़ा डाल देता है।
पुलिस के अनुसार वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान निर्मल उर्फ अंजू के रूप में की गई है। वीडियो में वह अरुण के कपड़े ठीक करने और उसे उठाने का प्रयास करता दिखाई देता है। हालांकि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया, इसकी जांच की जा रही है। केवल वीडियो के आधार पर मौत की परिस्थितियों को लेकर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
अरुण के पिता सलिंदर कुमार के अनुसार उनका बेटा मजदूरी करता था और गांव के कुछ लोगों के साथ तुड़ी के काम में जाता था। घटना से करीब तीन दिन पहले अरुण गांव के दीपक उर्फ दीपु, निर्मल उर्फ अंजू, ताहिर उर्फ भूरा और राजीव के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा लेकर हिमाचल प्रदेश गया था।
परिवार का कहना है कि बाद में अन्य लोग गांव लौट आए, लेकिन अरुण घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसके साथ गए लोगों से जानकारी ली तो उन्हें बताया गया कि अरुण ट्रॉली में सो रहा है। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान गांव की फिरनी में खड़ी उसी ट्रैक्टर-ट्रॉली के अंदर अरुण अचेत अवस्था में मिला। जांच करने पर उसकी मौत हो चुकी थी। शरीर पर चोट के निशान दिखाई देने के बाद परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए पुलिस को सूचना दी।
परिवार ने पुलिस को यह भी बताया कि कुछ समय पहले मजदूरी के पैसों को लेकर अरुण और कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। परिजनों के मुताबिक उस दौरान मारपीट भी हुई थी, लेकिन ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। परिवार ने पुराने विवाद को आधार बनाते हुए अरुण के साथ गए चार युवकों पर संदेह जताया है। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल के अनुसार अरुण के पिता की शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है और वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, वीडियो, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर अरुण के हिमाचल जाने से लेकर गांव वापस आने तक की पूरी टाइमलाइन तैयार करने में जुटी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसे गंभीर अंदरूनी चोटें कब और कैसे लगीं।
अरुण दो भाइयों में छोटा था और अविवाहित था। वह मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था। फिलहाल चार युवकों पर लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।
![]()











