फरीदाबाद में पूर्व सरपंच के घर से 1.05 करोड़ रुपए लूटने का आरोप, पांच नकाबपोशों की तलाश

2
Faridabad news

फरीदाबाद। फतेहपुर तगा गांव में पूर्व सरपंच अब्दुल कदीम ने पांच नकाबपोश बदमाशों पर उन्हें हथियार के बल पर बंधक बनाकर घर से करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपए लूटने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, वारदात शुक्रवार देर रात करीब 2:10 बजे हुई। बदमाश लगभग आधे घंटे बाद नकदी लेकर फरार हो गए।

अब्दुल ने बताया कि वह रात करीब 11 बजे सोने के लिए अपने नए घर आए थे और वहां अकेले थे। परिवार के अन्य सदस्य पास के पुराने मकान में थे। देर रात घर में घुसे बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल रखकर रुपयों के बारे में पूछा। अब्दुल के अनुसार, बदमाश 25 करोड़ रुपए की जमीन बेचने की बात कह रहे थे, जबकि उन्होंने इतनी रकम मिलने से इनकार किया।

कमरे की चाबी नहीं मिलने पर बदमाशों ने रॉड से ताला तोड़ा। अब्दुल का आरोप है कि उनका मुंह और हाथ बांधकर उन्हें खाट पर लिटा दिया गया। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी और बेड में रखी नकदी निकाली। जाने से पहले उनके पैर भी बांध दिए। अब्दुल किसी तरह बाहर निकले और छत से शोर मचाया। आवाज सुनकर उनका भतीजा पहुंचा और पुलिस को सूचना दी गई।

अब्दुल के अनुसार, लूटी गई रकम में उनके बड़े भाई हारिश के 60 लाख रुपए भी शामिल थे। नकदी दो दिन पहले ही पुराने मकान से नए घर में लाई गई थी। अब्दुल ने बताया कि करीब 10 महीने पहले उन्होंने अपने भाइयों के साथ जमीन बेची थी और अपने हिस्से की कुछ रकम दूसरी जमीन खरीदने में लगाई थी।

अब्दुल कदीम 2005 से 2010 तक गांव के सरपंच रहे हैं। बदमाश कौन थे और उन्हें घर में नकदी रखे होने की जानकारी कैसे मिली, यह पुलिस जांच से स्पष्ट होगा।

Loading