झज्जर में ट्राले से टकराई एम्बुलेंस, CISF इंस्पेक्टर और पत्नी समेत तीन की मौत; बेटा घायल

2
Jhajjar news

झज्जर। गुरुग्राम से लौट रही एम्बुलेंस शनिवार शाम झज्जर-गुरुग्राम रोड पर पेलपा गांव के पास आगे चल रहे ट्राले से टकरा गई। हादसे में CISF इंस्पेक्टर सोमप्रकाश (59), उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी और एम्बुलेंस चालक प्रमोद (35) की मौत हो गई। सोमप्रकाश का बेटा पंकज घायल है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

परिवार के अनुसार, सोमप्रकाश पहले एक सड़क हादसे में घायल हो गए थे। उस समय दिल्ली के महिपालपुर में ड्यूटी पर जाते हुए सड़क पार करते समय एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। उनके सिर, गर्दन और पैर में चोटें आई थीं। गुरुग्राम के अस्पताल में ऑपरेशन के बाद शनिवार को उनके टांके कटने थे। इसी सिलसिले में वह पत्नी और बेटे के साथ एम्बुलेंस से गुरुग्राम गए थे।

वापसी के दौरान शाम करीब छह बजे पेलपा के पास एम्बुलेंस ट्राले के पीछे से टकरा गई। टक्कर में एम्बुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई। सोमप्रकाश, लक्ष्मी देवी और पंकज को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दंपती की भी मौत हो गई। पंकज का झज्जर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

परिवार में चार दिन पहले ही पंकज के बेटे के जन्म पर कुआं पूजन हुआ था। रिश्तेदार नवजात के आने की खुशी मनाने पहुंचे थे। अब सोमप्रकाश और लक्ष्मी देवी की मौत से परिवार शोक में है। परिजनों के मुताबिक, सोमप्रकाश करीब चार महीने बाद CISF से सेवानिवृत्त होने वाले थे।

एम्बुलेंस चालक प्रमोद झज्जर के सीताराम गेट के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। परिजनों के अनुसार, तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा।

Loading