सफीदों, (एस• के• मित्तल) : आर्य समाज सफीदों के तत्वावधान में रविवार को मासिक वैदिक सत्संग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आर्य समाज सफीदों के अध्यक्ष यादविंद्र बराड़ ने की तथा कार्यक्रम का संचालन मंत्री संजीव मुआना ने किया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध प्रवचनकर्ता स्वामी धर्मदेव महाराज तथा भजनोपदेशक महाशय कैलाश कर्मठ (कोलकाता) ने विशेष रूप से शिरकत की और श्रद्धालुओं को वैदिक विचारधारा एवं आर्य समाज के सिद्धांतों से अवगत करवाया। हरियाणा सरकार में चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विशाल हवन के साथ हुआ। हवन में कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों, आर्य समाज के पदाधिकारियों तथा श्रद्धालुओं ने आहुति डालकर समाज में सुख-शांति, समृद्धि और सद्भावना की कामना की। कार्यक्रम में अतिथियों का फूलों की मालाओं व स्मृति चिन्ह देकर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर प्रवचनकर्ता स्वामी धर्मदेव महाराज ने श्रद्धालुओं को वैदिक जीवन पद्धति के महत्व से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि आर्य समाज का उद्देश्य समाज में सत्य, सदाचार, शिक्षा और वैदिक संस्कारों का प्रसार करना है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने जीवन में अच्छे विचारों को अपनाने तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। भजनोपदेशक महाशय कैलाश कर्मठ ने अपने भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया। उन्होंने भजनों के माध्यम से मानव जीवन में सत्य, धर्म और कर्म के महत्व को रेखांकित किया। मुख्यातिथि कैप्टन योगेश बैरागी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहने का अवसर मिलता है। उन्होंने वैदिक परंपराओं के संरक्षण और समाज में सकारात्मक विचारों के प्रसार के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि समय-समय पर इस प्रकार के वैदिक सत्संग, हवन तथा अन्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम होते रहने चाहिए, ताकि लोगों को वैदिक संस्कृति और जीवन मूल्यों से जोड़ा जा सके। समापन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए ऋषि लंगर का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

![]()











