हर्ष फायरिंग में गोली लगने से दिल्ली पुलिस के हैड कांस्टेबल की मौत, गांव रोझला में गमगीन माहौल

4
Safidon
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : हांसी के गांव सिंधवाखास में हुई कथित हवाई फायरिंग के दौरान गोली लगने से जान गंवाने वाले सफीदों उपमंडल के गांव रोझला निवासी दिल्ली पुलिस के हैड कांस्टेबल अमरजीत का रविवार को गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। अमरजीत का शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान दिल्ली पुलिस के जवान भी मौजूद रहे। अमरजीत दिल्ली के एनएसपी थाना सुभाष पैलेस में बतौर हैड कांस्टेबल तैनात थे। वह वर्ष 2010 में सिपाही के पद पर पुलिस में भर्ती हुए थे। अमरजीत की मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर की रात अमरजीत अपनी पत्नी रिंकू के साथ हांसी क्षेत्र के गांव सिंधवाखास में अपनी पत्नी के मामा के बेटे अंकित के कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। बताया गया है कि कार्यक्रम के दौरान गांव सिंधवाखास निवासी सुरेंद्र और भिवानी निवासी उसका दोस्त मनोज भी वहां मौजूद थे। मृतक की पत्नी रिंकू ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि कार्यक्रम के दौरान सुरेंद्र, मनोज और उनके कुछ अन्य साथी कथित तौर पर हथियारों से हर्ष फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान चली गोली अमरजीत की जांघ में जा लगी। गोली लगने के बाद अमरजीत जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हिसार रेफर कर दिया। हिसार के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन 24 सितंबर की रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इस मामले में बास थाना पुलिस ने मृतक हैड कांस्टेबल की पत्नी रिंकू की शिकायत के आधार पर सुरेंद्र व मनोज को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ भी गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि नामजद आरोपियों में गांव सिंधवाखास निवासी सुरेंद्र हरियाणा पुलिस की सीआईए यूनिट भिवानी में तैनात है। अमरजीत अपने पीछे पत्नी और छह साल की बेटी सहित परिवार को छोड़ गए हैं। वह पांच भाइयों में सबसे छोटे थे।

Loading