फरीदाबाद में दो बच्चों से मारपीट का CCTV सामने आया, दादा ने पुलिस को दी शिकायत

4
Faridabad News

फरीदाबाद की नगला पार्ट-2 कॉलोनी में मोबाइल की स्क्रीन पर स्क्रैच आने को लेकर एक महिला पर अपने दो बच्चों से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। बच्चों के दादा ने पर्वतिया कॉलोनी पुलिस चौकी में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस चौकी प्रभारी ने मामले की जानकारी लेकर जांच करने की बात कही है।

बच्चों के पिता सतबीर सेना में नायक हैं और फिलहाल राजस्थान में तैनात हैं। उनके अनुसार, 27 सितंबर की शाम करीब सात बजे उनकी छह वर्षीय बेटी मोबाइल चला रही थी। पत्नी सोनिया ने मोबाइल की स्क्रीन पर स्क्रैच देखा तो वह नाराज हो गई और बच्ची को थप्पड़ मारने लगी। इसके बाद चार वर्षीय बेटे के साथ भी मारपीट की गई।

सतबीर का कहना है कि रिकॉर्डिंग में बेटी को 12 सेकंड में आठ और बेटे को सात सेकंड में चार थप्पड़ मारे जाते दिखाई दे रहे हैं। बच्चों के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोस का एक युवक घर पहुंचा। उसने महिला से बच्चों को नहीं मारने के लिए कहा।

सतबीर के मुताबिक, घटना के समय उनके माता-पिता नूंह स्थित अपने घर गए हुए थे। घर पर पत्नी और दोनों बच्चे मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी पहले भी छोटी-छोटी बातों पर बच्चों के साथ मारपीट करती रही है। इसी वजह से उन्होंने करीब तीन महीने पहले घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे।

उन्होंने पत्नी के मायके वालों पर शिकायत करने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। सतबीर का कहना है कि पहले परिवार के स्तर पर बातचीत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बच्चों को जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया है।

बच्चों के दादा बिशन सिंह ने पुलिस चौकी में शिकायत दी है। चौकी इंचार्ज महेश ने बताया कि वह बाहर हैं और लौटने के बाद शिकायत की जानकारी लेकर जांच करेंगे। सतबीर ने पत्नी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Loading