अंबाला में गली निर्माण विवाद का नया वीडियो सामने आया, हथियार से हमले की पुलिस करेगी जांच

3
Ambala Cant

अंबाला कैंट के वार्ड नंबर-10 में गली निर्माण को लेकर भाजपा पार्षद रमन छतवाल और इनेलो प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह पक्ष के बीच हुए विवाद में करीब एक सप्ताह बाद नया वीडियो सामने आया है। इसमें एक युवक तेजधार हथियार लेकर टिंकू राणा की तरफ बढ़ता और वार करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इसकी जांच करने की बात कही है।

रमन छतवाल की शिकायत पर पुलिस ने राजेश शर्मा, आशुतोष शर्मा, राजेश शर्मा की पत्नी, गौरव सरोहा और ओंकार सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया हुआ है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

नए वीडियो में गली में कुछ लोगों के बीच झगड़ा होता दिखाई देता है। इसी दौरान एक युवक घर के अंदर से हथियार लेकर बाहर आता है और पार्षद के साथी टिंकू राणा की तरफ बढ़ता है। टिंकू हमले से बचने के लिए भागते नजर आते हैं। कुछ अन्य लोग भी उनके पीछे दौड़ते दिखाई देते हैं, जिनमें कुछ के हाथों में ईंट-पत्थर नजर आ रहे हैं।

महेश नगर थाने के कार्यवाहक अधिकारी भूपेंद्र सिंह के अनुसार, नए वीडियो की जांच की जाएगी। पुलिस अजीत नगर स्थित घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की डीवीआर भी तलाश रही है, ताकि घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा सकें। नामजद दूसरे पक्ष की जमानत याचिका पर 30 सितंबर को सुनवाई निर्धारित है।

इससे पहले सामने आए एक वीडियो में राजेश शर्मा पर किसी वस्तु से हमला होता और उसके बाद वह जमीन पर गिरते दिखाई दिए थे। उस वीडियो की भी पुष्टि नहीं हुई थी।

ओंकार सिंह ने भी पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि राजेश शर्मा के घर से लौटते समय रमन छतवाल, टिंकू राणा और उनके साथियों ने धक्का-मुक्की और मारपीट का प्रयास किया।

पिछले दिनों सीआईए टीम ओंकार सिंह की गिरफ्तारी के लिए उनके घर पहुंची थी, लेकिन वह नहीं मिले। परिजनों ने उनके नूंह की रैली में होने की जानकारी दी थी। बाद में भाजपा नेताओं ने थाने पहुंचकर गिरफ्तारी की मांग की थी।

Loading