सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सेवा संकल्प अभियान के तहत स्थानीय लघु सचिवालय परिसर में बुधवार को सेवा सेतु कैम्प आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहां विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने शिरकत की। अपने संबोधन में एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं शासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 1 अक्तूबर को स्थानीय नागक्षेत्र के हॉल में सेवा सेतु कैम्प आयोजित किया जाएगा। इसी तरह 2 अक्तूबर को गांव मुआना की भगवान परशुराम धर्मशाला में तथा आगामी 4 अक्तूबर को गांव मलार के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सेवा सेतु कैम्प का आयोजन किया जाएगा। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता, नियम एवं शर्तों तथा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध करवाना है, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने आम नागरिकों से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत लगाए जा रहे सेवा सेतु शिविरों का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं। एसडीएम ने कहा कि शिविर में नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी अवगत करवाया गया। शिविर में लगभग 200 नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी आवश्यकताओं से संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया। इस दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान योजना, लाडो लक्ष्मी योजना, वृद्धावस्था पेंशन, पशुपालन विभाग की ऋण योजनाओं, हाउस लोन सहित अन्य योजनाओं से संबंधित करीब 75 व्यक्तियों ने जानकारी ली एवं लाभ लेने के लिए भी आवेदन किया। विभागीय कर्मचारियों ने आवेदकों को आवश्यक प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए योजनाओं का लाभ लेने के लिए मार्गदर्शन किया। इस मौके पर बीडीपीओ प्रवीन, हरीश शर्मा, सक्षम भाटिया, मोहन नागर, योगेश, रोहताश सहित अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
![]()











