गुरुग्राम में तीन मिनट में उबर राइडर की बाइक चोरी, बाद में आया ₹20 हजार के चालान का संदेश

3
Gurugram News

गुरुग्राम के राजनगर इलाके में घर के बाहर खड़ी उबर राइडर की अपाचे बाइक चोरी हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक करीब तीन मिनट में बाइक ले जाते दिखाई दे रहे हैं। शिकायतकर्ता आकाश कुमार के अनुसार, चोरी के बाद बुधवार को उन्हें 20 हजार रुपए के चालान का संदेश भी मिला। शिवाजी नगर थाना पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आकाश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के रहने वाले हैं और फिलहाल राजनगर की गली नंबर एक में किराए पर रहते हैं। वह उबर ऐप के जरिए बाइक राइडर का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर को काम खत्म करने के बाद रात करीब एक बजे घर लौटे थे। बाइक लॉक करके गली के किनारे खड़ी की और सोने चले गए।

अगली सुबह करीब आठ बजे काम पर जाने के लिए बाहर निकले तो बाइक गायब थी। उन्होंने आसपास तलाश की और पड़ोसियों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर दो युवक बाइक चोरी करते नजर आए। आकाश ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दी है। उनका कहना है कि पूरी जानकारी देने के बावजूद अब तक बाइक बरामद नहीं हुई है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताया है।

आकाश के अनुसार, बाइक पर पहले 16 सितंबर का तीन हजार रुपए का चालान लंबित था। बुधवार को 20 हजार रुपए के चालान का संदेश मिलने से उनकी परेशानी बढ़ गई। बाइक उनके भाई विवेक कुमार के नाम पर पंजीकृत है और यही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन थी। चोरी के बाद परिवार के खर्च चलाने का संकट खड़ा हो गया है।

शिवाजी नगर थाना पुलिस के मुताबिक, लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल गोविंद सिंह को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनके जाने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Loading