हिसार में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के गुरुवार को होने वाले कार्यक्रम से पहले झज्जर में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। पार्टी के अनुसार, इनमें संदीप गुलिया और प्रदेश प्रवक्ता अभिता द्विजा चेची शामिल हैं। अभिता आम आदमी पार्टी की वर्तमान जिलाध्यक्ष भी हैं। कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों ने कार्रवाई के आधार पर सवाल उठाए हैं।
सीजेपी के मुताबिक, बादली निवासी संदीप गुलिया को बुधवार रात करीब आठ बजे घर से हिरासत में लिया गया। उनकी पत्नी संजू ने वीडियो जारी कर बताया कि उस समय संदीप खाना खा रहे थे। करीब 10 से 12 पुलिसकर्मी घर पहुंचे और उन्हें अपने साथ ले गए।
संजू का आरोप है कि पुलिसकर्मियों से कार्रवाई से संबंधित कागजात मांगे गए, लेकिन जवाब नहीं मिला। उन्होंने बताया कि पुलिस ने संगठन से जुड़ाव और अगले दिन के कार्यक्रम के बारे में सवाल किए। संजू के अनुसार, उन्होंने युवाओं की पक्की भर्ती की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन दिया था।
संदीप के बारे में जानकारी लेने बादली थाने पहुंचीं अभिता को भी हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है। उनके वीडियो में वह पुलिस अधिकारी से बिना नोटिस कार्रवाई करने का कारण पूछती दिखाई देती हैं। अभिता के अनुसार, कागजात मांगने पर अधिकारी ने इंटेलिजेंस रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने संदीप के दो अन्य साथियों को भी हिरासत में लेने की बात कही।
हिसार में लंबित भर्तियों और रोजगार के मुद्दों पर पांच दिनों से सीजेपी का प्रदर्शन चल रहा था। बुधवार को पार्टी ने वर्चुअल बैठक कर कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन में शामिल होने को कहा था।
राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर सांगवान ने आरोप लगाया कि विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं को लिखित आदेश दिखाए बिना हिरासत में लिया गया। उनके अनुसार, 28 सितंबर को 14 जिलों में कार्यकर्ताओं ने CET अभ्यर्थियों के समर्थन में उपायुक्तों को ज्ञापन दिए थे। सांगवान ने मांग की कि कार्रवाई किसी आदेश या एफआईआर के आधार पर हुई है तो संबंधित दस्तावेज दिखाए जाएं।
![]()











