करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र में पश्चिमी यमुना नहर में लापता हुए 27 वर्षीय अमनदीप की तलाश जारी है। पुलिस को जैनपुर गांव के पास युवक के नहर में छलांग लगाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन पानी का तेज बहाव अभियान में बाधा बन रहा है।
खानपुर गांव निवासी अमनदीप मजदूरी करता है। परिजनों के अनुसार, वह रोजाना की तरह सुबह काम के लिए घर से निकला था। शाम को परिवार को उसके नहर में जाने की सूचना मिली। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू कराई।
अमनदीप के भाई अरुण ने बताया कि घर में किसी परेशानी या विवाद की बात नहीं हुई थी। परिवार को ऐसी किसी स्थिति की जानकारी भी नहीं थी, जिससे घटना का अंदेशा होता। सूचना मिलने के बाद से परिजन बचाव अभियान के दौरान मौके पर मौजूद हैं और अमनदीप का पता लगने का इंतजार कर रहे हैं।
परिवार की ओर से विजय ने बताया कि अमनदीप मजदूरी करके घर का खर्च चलाता है। उसकी दो छोटी बेटियां हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग बेहद परेशान हैं। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई।
गोताखोर प्रगट सिंह अपनी टीम के साथ तलाश में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। नहर में लगातार तलाशी ली जा रही है, लेकिन पानी का बहाव काफी तेज होने से गोताखोरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। टीम युवक का पता लगाने के लिए प्रयास जारी रखे हुए है।
थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी थी। बचाव टीमों के साथ मिलकर अमनदीप की तलाश कराई जा रही है। राज्य आपदा मोचन बल यानी एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई है। पुलिस और बचाव दल की टीमें तलाशी अभियान में जुटी हुई हैं।
![]()











