करनाल में ऑटो का इंतजार कर रही महिला की वाहन की टक्कर से मौत, चालक फरार

4
Karnal News

करनाल में नेशनल हाईवे-44 पर गांव बुटाना के पास ऑटो का इंतजार कर रही महिला की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव झंझाड़ी निवासी नीलम पत्नी अशोक के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। थाना बुटाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव झंझाड़ी निवासी गौरी पत्नी रवि ने पुलिस को बताया कि वह नीलोखेड़ी क्षेत्र के झिलमिल ढाबे पर रसोई का काम करती है। उसकी मुंहबोली मौसी नीलम भी उसी ढाबे पर काम करती थी। दोनों महिलाएं शाम करीब साढ़े सात बजे काम समाप्त करके घर जाने के लिए निकली थीं।

गौरी के अनुसार, करीब 7:50 बजे वे गांव बुटाना के पास जीटी रोड के किनारे ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान कुरुक्षेत्र की ओर से आए एक अज्ञात वाहन ने नीलम को टक्कर मार दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। गौरी हादसे की चपेट में आने से बच गई, जबकि नीलम घायल होकर सड़क पर गिर गई।

हादसे के बाद गौरी ने राहगीरों की मदद से नीलम को सिविल अस्पताल नीलोखेड़ी पहुंचाया। वहां से उसे कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल करनाल रेफर किया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने नीलम को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मृतका के भाई राजू का बयान भी दर्ज किया है। राजू ने बताया कि परिवार की ओर से बार-बार बुलाने के बावजूद नीलम का पति अस्पताल नहीं पहुंचा। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को सूचना मिलने पर टीम पहले नीलोखेड़ी के सरकारी अस्पताल और फिर करनाल के मेडिकल कॉलेज पहुंची थी। गौरी की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच एएसआई संदीप को सौंपी गई है। पुलिस चालक की पहचान और उसका पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Loading