यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र में दादूपुर हेड के पास सोम नदी में वाहन से स्टंट करने के दौरान एक थार दलदल में फंस गई। गाड़ी को बाहर निकालने में करीब पांच घंटे लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने घटनाक्रम का वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि छछरौली क्षेत्र का एक युवक दोपहर करीब 12 बजे चंडीगढ़ नंबर की काले रंग की थार लेकर नदी के पास पहुंचा था। उसके साथ एक महिला भी वाहन में मौजूद थी। युवक ने थार को नदी के पानी में उतारा और वाहन दौड़ाने का प्रयास किया।
कुछ दूरी तक आगे बढ़ने के बाद गाड़ी के चारों पहिए दलदली हिस्से में धंस गए। युवक ने वाहन को आगे-पीछे करके निकालने की कोशिश की, लेकिन थार और नीचे धंसती गई। इसके बाद उसने परिचित को फोन करके मदद मांगी।
गाड़ी निकालने के लिए मौके पर जेसीबी बुलाई गई। रस्से के सहारे थार को खींचने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस दौरान जेसीबी के पहिए भी मिट्टी में धंस गए, जिससे बचाव का काम और कठिन हो गया।
इसके बाद ट्रैक्टर की मदद ली गई। थार के टायरों में कीचड़ भर जाने के कारण वाहन आसानी से बाहर नहीं निकल रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने भी मदद की। कुछ लोगों ने पीछे से धक्का लगाया और ट्रैक्टर ने आगे से रस्से के सहारे खींचा। संयुक्त प्रयास से थार को दलदल से बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी का यह हिस्सा ऊपर से सामान्य दिखता है, लेकिन भीतर दलदली जमीन है। उन्होंने आशंका जताई कि अचानक जलस्तर या बहाव बढ़ने पर वाहन में मौजूद लोगों के लिए खतरा पैदा हो सकता था।
लोगों ने नदी में वाहन उतारकर स्टंट करने को जोखिम भरा बताया। छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने कहा कि मामले में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी कानूनी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
![]()











