पंचकूला में मासूम शर्मा की मंच से टिप्पणी पर विवाद, युवाओं ने की हूटिंग

5
Masoom Sharma

पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित नमो क्रिकेट लीग के दौरान हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की मंच से की गई टिप्पणी पर विवाद हो गया। शुक्रवार रात प्रस्तुति देने पहुंचे मासूम ने वीडियो बना रहे युवकों के लिए कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने हूटिंग शुरू कर दी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी भी मंच पर मौजूद थे। मासूम शर्मा ने अपने संबोधन में मंत्री कृष्णलाल पंवार के बेटे की मौजूदगी का भी जिक्र किया। गायक के पहुंचने पर बड़ी संख्या में प्रशंसक मंच के करीब आ गए। कुछ युवा बैरिकेड पार करके मंच के सामने बने डी-एरिया में पहुंच गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था संभालने में परेशानी हुई।

हूटिंग और भीड़ बढ़ने पर पुलिसकर्मी तथा बाउंसर युवाओं को पीछे हटाने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान मासूम शर्मा ने मंच से पुलिसकर्मियों को पीछे हटने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि मौजूद लोग उनके अपने हैं और किसी तरह की दिक्कत नहीं है।

मासूम ने मंच से बताया कि तरुण भंडारी ने उनसे पूछा था कि गोला-बारूद के अलावा उनके पास और कौन से गाने हैं। इस पर गायक ने कहा कि उनके अन्य गाने भी हैं। कार्यक्रम में उन्होंने हथियारों से जुड़े गीतों के बजाय दूसरे गीत प्रस्तुत किए।

नमो क्रिकेट लीग के प्लेऑफ में 32 टीमों ने हिस्सा लिया। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में जिला स्तर के मुकाबलों के बाद शीर्ष टीमें पंचकूला पहुंचीं। मैच टेनिस बॉल से दस-दस ओवर के खेले जा रहे हैं। विजेता टीम के लिए 21 लाख और उपविजेता के लिए 11 लाख रुपए का पुरस्कार रखा गया है।

इससे पहले देहरादून में उत्तराखंड प्रीमियर लीग के कार्यक्रम से पहले भी मासूम शर्मा का विरोध हुआ था। उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने उनके पुराने मंचीय व्यवहार पर नाराजगी जताई थी। विरोध के बीच गायक ने मंच से माफी मांगकर प्रस्तुति दी थी। पंचकूला के कार्यक्रम में हुई टिप्पणी के बाद उनके मंचीय व्यवहार को लेकर फिर सवाल उठे हैं।

Loading