अमन सहरावत के एशियाड गोल्ड पर बिरोहड़ में जश्न, दादा मांगेराम को पगड़ी बांधकर किया सम्मानित

3
Aman Sehrawat

झज्जर के पहलवान अमन सहरावत के एशियन गेम्स की 57 किलो भार वर्ग की कुश्ती स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर उनके पैतृक गांव बिरोहड़ में जश्न मनाया गया। जीत की खबर मिलते ही ग्रामीण परिवार को बधाई देने उनके घर पहुंचने लगे। लोगों ने मिठाई बांटी, एक-दूसरे को गुलाल लगाया और ढोल की थाप पर नाचकर खुशी जताई।

सुबह से ही अमन के घर ग्रामीणों का आना शुरू हो गया। परिवार को शुभकामनाएं देने के बाद बड़ी संख्या में लोग गांव की व्यायामशाला में एकत्रित हुए। यहां ढोल-नगाड़ों के साथ रंग-गुलाल उड़ाया गया। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने मिलकर अमन की उपलब्धि का उत्सव मनाया।

ग्रामीणों ने अमन के दादा मांगेराम को पगड़ी बांधकर सम्मानित किया। उन्हें मिठाई खिलाकर पोते की सफलता की बधाई दी गई। इस दौरान मांगेराम भावुक नजर आए। ग्रामीणों ने कहा कि अमन की मेहनत और लगन ने बिरोहड़ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।

अमन के ताऊ ने कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उनके अनुसार, अमन ने कठिन मेहनत करके यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सफलता से गांव के अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने और नियमित अभ्यास करने की प्रेरणा मिलेगी।

जश्न में शामिल ग्रामीणों ने कहा कि दिवाली आने से पहले ही गांव में दिवाली जैसी खुशी छा गई है, जबकि रंग-गुलाल ने माहौल को होली जैसा बना दिया। गांव में हर तरफ अमन के प्रदर्शन और उनकी उपलब्धि की चर्चा रही।

ग्रामीण सुभाष सहित अन्य लोगों ने कहा कि अमन की जीत केवल उनके परिवार की उपलब्धि नहीं है। यह पूरे गांव, झज्जर जिले और हरियाणा के लिए खुशी का अवसर है। लोगों ने उनके खेल सफर में आगे भी सफलता मिलने की कामना की।

स्वर्ण पदक की खुशी के बीच ग्रामीणों ने अमन से वर्ष 2028 के ओलंपिक में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि अमन अगले बड़े मुकाबलों में भी देश के लिए पदक जीतें और तिरंगे का मान बढ़ाएं।

Loading