धान खरीद न होने पर गुस्साए किसानों ने मार्केट कमेटी पर गेट जड़ा ताला

5
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों की नई अनाज मंडी में धान की सरकारी खरीद शुरू न होने से नाराज किसानों ने मंगलवार को मार्किट कमेटी कार्यालय के गेट को ताला जड़कर विरोध जताया। किसानों का कहना था कि मंडी में उनकी पीआर धान की खरीद नहीं हो रही, जिसके चलते उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस घटनाक्रम के दौरान किसानों और अधिकारियों के बीच बातचीत का दौर जारी रहा। बाद में एसडीएम सफीदों पुलकित मल्होत्रा के मौके पर पहुंचने और दो दिन में खरीद व्यवस्था सुचारू करने के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर को बड़ी संख्या में किसान नई अनाज मंडी पहुंचे और धान की खरीद शुरू नहीं होने के विरोध में मार्केट कमेटी कार्यालय के मुख्य गेट को बंद कर दिया। किसानों ने कहा कि मंडी में पीआर धान की आवक हो रही है, लेकिन खरीद नहीं होने के कारण किसान अपनी फसल लेकर इंतजार करने को मजबूर हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द धान की खरीद शुरू नहीं हुई तो वे अगले दिन सफीदों-असंध-पानीपत मार्ग को जाम करने के लिए मजबूर होंगे। मामले की सूचना मिलने पर थाना शहर सफीदों के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार मौके पर पहुंचे। उनके साथ मार्केट कमेटी सफीदों के सचिव मनोज पारसर और मार्केट कमेटी चेयरमैन चंद्र सैनी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उन्हें स्थिति समझाने का प्रयास किया। मार्केट कमेटी अधिकारियों की ओर से किसानों को बताया गया कि अभी तक मिलर आवंटित नहीं होने के कारण पीआर धान की खरीद शुरू नहीं हो पाई है। अधिकारियों ने कहा कि मिलर आवंटित होने के बाद धान की खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से शुरू किया जाएगा। शाम को एसडीएम सफीदों पुलकित मल्होत्रा नई अनाज मंडी पहुंचे और उन्होंने किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। एसडीएम ने किसानों से दो दिन का समय देने की अपील करते हुए कहा कि आगामी 2 दिनों में पीआर धान की खरीद नियमित रूप से शुरू कर दी जाएगी। एसडीएम ने यह भी आश्वासन दिया कि जिन किसानों की धान की बिक्री हो चुकी है, उसकी उठान प्रक्रिया के लिए बारदाना उपलब्ध करवाकर फसल को मंडी से उठवाया जाएगा। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि धान खरीद को लेकर किसी किसान को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी। एसडीएम के आश्वासन के बाद किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालय का गेट खोल दिया। किसानों ने हालांकि स्पष्ट किया कि यदि तय समय के अनुसार 9 अक्टूबर से धान की खरीद नियमित रूप से शुरू नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाने और सफीदों-असंध-

धान खरीद न होने पर गुस्साए किसानों ने मार्केट कमेटी पर गेट जड़ा ताला

मार्ग जाम करने पर विचार करेंगे।

Loading