कुरुक्षेत्र में दुकान किराए पर लेने के बहाने बनाया भरोसा, बुजुर्ग की सोने की बालियां लेकर फरार

6
Kurukshetra News

कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र के मद्दीपुर गांव में सुनार की दुकान खोलने के बहाने आए व्यक्ति पर बुजुर्ग महिला की सोने की बालियां लेकर फरार होने का आरोप लगा है। महिला के मुताबिक, आरोपी ने पहले दुकान किराए पर लेने की बातचीत कर परिवार का भरोसा जीता। इसके बाद बालियों का डिजाइन दिखाने का बहाना बनाकर उन्हें उतरवा लिया और वापस नहीं लौटा। शाहाबाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए उसकी पहचान करने में जुटी है।

मद्दीपुर निवासी महिंद्रो देवी ने बताया कि व्यक्ति 5 अक्टूबर को गांव आया था। उसने चौक में सुनार की दुकान खोलने के लिए जगह के बारे में पूछताछ की। दुकान खाली नहीं मिलने पर उसने पास की बैठक के बारे में जानकारी ली। बातचीत में उसने खुद को शाहाबाद से आया बताया और कहा कि वह गांव में सुनार का काम शुरू करना चाहता है।

बुजुर्ग के अनुसार, लोगों से बातचीत करने के बाद वह चला गया। उस समय किसी को उसके इरादे पर शक नहीं हुआ। अगले दिन, 6 अक्टूबर की सुबह वह एक मजदूर को साथ लेकर दोबारा पहुंचा। उसने जिस जगह को किराए पर लेने की बात की थी, वहां सफाई करवाने की बात कही।

शाम करीब पांच से छह बजे के बीच वह फिर परिवार के पास आया। उस समय घर पर महिलाएं मौजूद थीं। परिवार ने उसे चाय-पानी पिलाया और दुकान खोलने को लेकर बातचीत की। महिंद्रो देवी ने बताया कि बैठक में जब उनके पास कोई अन्य व्यक्ति नहीं था, तभी उसने उनकी बालियों का डिजाइन देखने की बात कही।

आरोपी ने कहा कि गांव में किसी को इसी तरह की बालियां बनवानी हैं और वह उनका डिजाइन दिखाना चाहता है। उसकी बातों पर भरोसा करके बुजुर्ग ने कानों से सोने की बालियां उतारकर उसे दे दीं।

महिला के मुताबिक, बालियां हाथ में लेने के बाद वह डिजाइन दिखाने के बहाने बाहर चला गया। काफी देर तक वापस नहीं आने पर उन्होंने परिवार को घटना की जानकारी दी। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Loading