भिवानी में संकल्प सभा में पहुंचीं श्रुति चौधरी, सेवा संकल्प यात्रा के लिए यातायात के वैकल्पिक रूट तय

4
Bhiwani News

हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी बुधवार को भिवानी पहुंचीं। उन्होंने चौधरी सुरेंद्र सिंह मेमोरियल हुडा पार्क के सामने मैदान में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में भाग लिया। इसके बाद हुडा पार्क से पंडित नेकीराम शर्मा चौक होते हुए घंटाघर चौक तक सेवा संकल्प यात्रा निकाली गई।

यात्रा के चलते सुबह 11 बजे से इसके संपन्न होने तक निर्धारित मार्ग पर आम यातायात बंद रखने की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन, तोशाम और बस स्टैंड की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर बैठने और यात्रा के दौरान एंबुलेंस की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए हैं।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर डीसी साहिल गुप्ता ने डीआरडीए सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली थी। बैठक में एसपी मयंक मिश्रा भी मौजूद रहे। डीसी ने अधिकारियों को सभा और यात्रा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था नियंत्रित रखने तथा विभागों के बीच तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को यात्रा के दौरान एंबुलेंस उपलब्ध रखने के लिए कहा। पंडाल में आने वाले लोगों के बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और युवाओं की भागीदारी होगी।

एसपी मयंक मिश्रा ने बताया कि हुडा पार्क से बासिया भवन, हांसी गेट से पंडित नेकीराम शर्मा चौक और घंटाघर चौक तक संबंधित रूट सुबह 11 बजे से यात्रा समाप्त होने तक आम आवागमन के लिए बंद रहेगा।

रेलवे स्टेशन या तोशाम की तरफ जाने वाले नागरिक रेस्ट हाउस के सामने से बीटीएम चौक और वैश्य कॉलेज चौक होकर जा सकेंगे। इस मार्ग को यात्रा के दौरान वैकल्पिक रास्ते के रूप में निर्धारित किया गया है।

तोशाम से पुराने या नए बस स्टैंड की ओर जाने वाले वाहन घंटाघर की बजाय वैश्य कॉलेज से बीटीएम चौक पहुंचेंगे। वहां से रेस्ट हाउस, स्टेडियम रोड और पंचायत भवन होते हुए नए बस स्टैंड की तरफ जाएंगे। ये यातायात बदलाव यात्रा संपन्न होने तक लागू रहेंगे।

Loading