डीसीपी का पुलिसकर्मियों को संदेश —
फरियादियों से विनम्र व्यवहार रखें
हरियाणा के झज्जर जिले में डीसीपी ने पुलिस कर्मचारियों की मीटिंग लेकर कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों का सकारात्मक और शालीन व्यवहार फरियादियों के तनाव को कम करता है। एक “थैंक्यू” या मुस्कुराकर जवाब देना भी आम नागरिक के मन में पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत बनाता है।
डीसीपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसेवा पुलिस की पहली जिम्मेदारी है, और हर कर्मचारी को अपनी ड्यूटी के दौरान जनता के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा — “कभी-कभी फरियादी तनाव में या डर में होता है, ऐसे में आपकी एक शालीन प्रतिक्रिया उसे राहत दे सकती है।”
बैठक में उन्होंने सर्दी के मौसम में बढ़ती धुंध को देखते हुए सभी वाहनों पर फॉग लैंप लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिसकर्मी खुद भी नियमों का पालन करें ताकि जनता के लिए एक मिसाल बन सके।
डीसीपी ने पुलिस लाइन में मौजूद अधिकारियों से थाना स्तर पर अनुशासन, गश्त और पेट्रोलिंग व्यवस्था मजबूत करने को कहा। साथ ही, रात के समय हाईवे और मुख्य मार्गों पर गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि पुलिसिंग सिर्फ कानून लागू करना नहीं, बल्कि जनता से भरोसेमंद रिश्ता बनाना भी है। डीसीपी के इस सकारात्मक संदेश की कर्मचारियों ने सराहना की और बेहतर सेवा का संकल्प दोहराया।
![]()











