कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में बराड़ा रोड पर खदानों के बीच एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली। सुबह रास्ते से गुजर रही महिला ने जमीन पर पड़ी बच्ची को देखा और उसे गोद में उठा लिया। आसपास मौजूद किसानों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को शाहाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पास की कॉलोनी में रहने वाली प्रवीण बेगम ने बताया कि वह सुबह करीब सात बजे दूध लेने जा रही थीं। जंगल वाला रास्ता पार करते समय उनकी नजर बच्ची पर पड़ी। बच्ची की सांसें चल रही थीं। उन्होंने आसपास मौजूद किसानों को आवाज लगाकर बुलाया और बच्ची को अपनी गोद में ले लिया। इसके बाद किसानों ने पुलिस को फोन करके घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार बच्ची की अनुमानित उम्र 15 से 20 दिन है। उसकी आंख पर चोट और शरीर पर कीड़े-चींटियों के काटने के निशान पाए गए हैं। बच्ची को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उसके स्वास्थ्य और उपचार को प्राथमिकता दी जा रही है।
सूचना मिलने पर शाहाबाद थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंधु पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्ची को गोद में लिया और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। बच्ची को एंबुलेंस के जरिए शाहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक इलाज के साथ मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्ची को वहां किसने छोड़ा और वह कितनी देर से उस स्थान पर थी। प्रवीण बेगम ने उसे सुबह करीब सात बजे देखा था, लेकिन उससे पहले के घटनाक्रम की जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बच्ची को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति के बारे में सुराग मिल सके। फिलहाल बच्ची के परिवार की पहचान और उसे छोड़ने की परिस्थितियों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है।
![]()











