रोहतक में गर्भवती महिला की हत्या, दो महीने पहले हुई थी कोर्ट मैरिज; पति की तलाश जारी

1
Rohtak News

रोहतक के गढ़ी मोहल्ले में करीब 29 वर्षीय सुषमा उर्फ लाली की हत्या का मामला सामने आया है। परिजनों ने उसके पति अनीश पर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के समय महिला की नाबालिग बेटी भी घर में मौजूद थी। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस और परिजनों के अनुसार सुषमा करीब छह साल से अनीश के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों ने लगभग दो महीने पहले कोर्ट मैरिज की थी। सुषमा की यह दूसरी शादी थी। पहले पति से तलाक के बाद वह अपनी बेटी को भी साथ रख रही थी।

मृतका के भाई अजीत ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे अनीश घर पहुंचा था। सुषमा ने उसे खाना दिया। खाना खाने और चाय पीने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अनीश ने गला घोंटकर सुषमा की हत्या कर दी और वहां से फरार हो गया। कहासुनी की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

अजीत के मुताबिक घटना के बाद बच्ची ने पड़ोसियों को जानकारी दी। पड़ोसी घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सिटी थाना के जांच अधिकारी एएसआई संजीत ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की है। महिला की बेटी से भी घटनाक्रम की जानकारी जुटाई गई है।

परिजनों का कहना है कि सुषमा करीब पांच महीने की गर्भवती थी। पुलिस की शुरुआती जांच में भी गर्भावस्था की बात सामने आई है। पोस्टमॉर्टम के बाद संबंधित चिकित्सकीय विवरण स्पष्ट होंगे।

अजीत ने बताया कि परिवार सैंपल गांव का रहने वाला है, जबकि अनीश बिसाण गांव का निवासी है। उनके अनुसार सुषमा ने पहले कभी मारपीट या प्रताड़ना की जानकारी परिवार को नहीं दी थी। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने परिवार को घटना की सूचना देकर मामले की जांच आगे बढ़ाई है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।

Loading