कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र के छपरा गांव निवासी राहुल सैनी ने हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा-2025 में प्रदेश में सातवीं रैंक हासिल की है। 30 वर्षीय राहुल को कुल 675 में से 383.80 अंक मिले। उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक में मैनेजर की जिम्मेदारी निभाते हुए पहले ही प्रयास में यह सफलता प्राप्त की।
राहुल ने वर्ष 2024 में सिविल सेवा की तैयारी शुरू की थी। उनका लक्ष्य यूपीएससी था। वर्ष 2025 में पहली बार परीक्षा देकर वह इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन अंतिम चयन नहीं हुआ। इसके बावजूद उन्होंने तैयारी जारी रखी। इसी दौरान HCS का नोटिफिकेशन आया और उन्होंने परीक्षा दी।
वर्ष 2021 में RBI की नौकरी शुरू करने वाले राहुल गुजरात के अहमदाबाद में मैनेजर के पद पर तैनात रहे। उन्होंने बताया कि नौकरी और पढ़ाई में संतुलन बनाना आसान नहीं था। तैयारी के लिए रोज करीब पांच घंटे तय किए। सुबह और देर रात पढ़ाई की तथा कार्यालय की जिम्मेदारियों के बाद मिलने वाले समय का इस्तेमाल किया।
राहुल का कहना है कि HCS में चयन के बाद भी वह यूपीएससी की तैयारी जारी रखेंगे। उन्हें उम्मीद है कि RBI में मिला प्रशासनिक कामकाज और लोगों से संवाद का अनुभव नई जिम्मेदारियों में उपयोगी रहेगा।
उन्होंने अपनी सफलता दादा स्वर्गीय हरकेश चौधरी को समर्पित की। राहुल के मुताबिक, उनके दादा चाहते थे कि वह अधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करें। पत्नी किरणदीप कौर ने भी तैयारी के दौरान लगातार प्रोत्साहित किया। यूपीएससी में अंतिम चयन नहीं होने के बाद परिवार के सहयोग ने उन्हें पढ़ाई जारी रखने में मदद की।
राहुल की शादी जनवरी 2023 में हुई थी। उनके पिता सतीश कुमार हरियाणा रोडवेज में वरिष्ठ लेखा अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं और मां उषा रानी गृहिणी हैं।
राहुल ने स्कूली शिक्षा जगाधरी के एसडी पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय से कृषि की पढ़ाई और गुजरात से एमबीए किया। परिवार ने उनकी सफलता पर खुशी जताई है।
![]()











