शाहाबाद के पास रेलवे ट्रैक पर मिला किशोर का शव, स्कूल ड्रेस से पहचान की कोशिश

2
Kurukshetra News

कुरुक्षेत्र जिले में शाहाबाद के ढोला माजरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक किशोर का शव मिला है। जीआरपी के अनुसार, उसकी उम्र करीब 15 से 16 वर्ष लग रही है और ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की बात सामने आई है। मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को एलएनजेपी अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया है।

घटनास्थल के पास सफेद कमीज और नीली पैंट वाली स्कूल ड्रेस मिली है। इसके आधार पर किशोर के छात्र होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि उसके पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला। जीआरपी स्कूल ड्रेस और अन्य सामान की मदद से उसकी शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।

थाना जीआरपी कुरुक्षेत्र की जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल अंजू बाला ने बताया कि दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच स्टेशन मास्टर से रेलवे ट्रैक पर शव होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम रेलवे किलोमीटर संख्या 176/11-13 के पास पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस को मौके के पास स्कूटी की चाबी भी मिली है, लेकिन आसपास कोई स्कूटी नहीं मिली। जांच अधिकारी के मुताबिक, रेलवे ट्रैक और आसपास के करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में तलाश की गई। इसके बावजूद वाहन का पता नहीं चल सका। इस संबंध में स्थानीय पुलिस की मदद भी ली गई है।

फिलहाल किशोर की पहचान और घटनास्थल तक उसके पहुंचने की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं। स्कूल ड्रेस और चाबी मिलने से जांच के लिए जानकारी मिली है, लेकिन ये सामान किसका है और घटना से इनका क्या संबंध है, इसकी पुष्टि होना बाकी है।

जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की है। पहचान होने के बाद परिजनों से जानकारी जुटाई जा सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध सामान के आधार पर किशोर की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

Loading