सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सेवा संकल्प अभियान के तहत आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पिल्लूखेड़ा में बीडीपीओ कार्यालय के प्रांगण में सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में विभिन्न विभागों की ओर से कुल 19 स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता तथा आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कैंप में मुख्य अतिथि के रूप में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी प्रवीण कुमार ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से आमजन को दी जा रही सेवाओं तथा योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने सेवा सेतु कैंप के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। कैंप का मुख्य उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उनके नजदीक उपलब्ध करवाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इस कैंप में 78 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाओं एवं लाभ से जोड़ा गया।
![]()











