सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव हाट स्थित 33 केवी बिजली घर में अधिवक्ता प्रवीण कुमार बूरा के साथ कथित मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गांव में चल रहा धरना और क्रमिक अनशन शनिवार को भी जारी रहा। आंदोलन के तहत ग्रामीण क्रमिक अनशन पर बैठे। धरने को किसान नेत्री सुदेश कंडेला का भी समर्थन मिला। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और गांव की बिजली व्यवस्था में सुधार होने तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने पर पहुंचे किसानों, मजदूर यूनियन के सदस्यों और विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि गांव हाट में बिजली संबंधी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। उनका आरोप है कि इन समस्याओं के समाधान के लिए कई बार अधिकारियों के समक्ष शिकायतें रखी गईं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी बीच बिजली घर में अधिवक्ता के साथ कथित मारपीट की घटना ने ग्रामीणों के आक्रोश को और बढ़ा दिया। किसान नेत्री सुदेश कंडेला ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक धरना और क्रमिक अनशन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। गौरतलब है कि अधिवक्ता प्रवीण कुमार बूरा की शिकायत के आधार पर एसडीओ ग्रामीण प्रभात, जेई रतनलाल, जेई राजेंद्र, लाइनमैन रवि और ऑपरेटर मनीष के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने लाइनमैन रवि को गिरफ्तार किया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना जारी है। इस मामले में बार एसोसिएशन सफीदों सहित प्रदेश की कई बार एसोसिएशनों ने भी समर्थन दिया है और कार्य स्थगित रखा हुआ है।
![]()











