सफीदों, (एस• के• मित्तल) : दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जा रहे कांग्रेस नेताओं को शनिवार को सफीदों पुलिस ने डिटेन कर लिया। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक वे दिल्ली रवाना होने से पहले नई अनाज मंडी में बैठक करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंची और उन्हे डिटेन करके थाने ले आई। डिटेन किए गए नेताओं में कांग्रेस ब्लॉक प्रधान रणबीर भूसलाना, जिला सचिव सरदार निरवैल सिंह, ओबीसी डिपार्टमेंट के पूर्व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नरेश जांगड़ा, सरपंच एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र राणा, एससी मोर्चा के जिला सचिव कृष्ण पाटिल, मदन कुमार बसीनी व सोनू राणा शामिल रहे। अपने संबोधन में नेताओं ने कहा कि वे लोकतांत्रिक तरीके से जंतर-मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक से पहले ही पुलिस द्वारा उन्हें डिटेन करना लोकतांत्रिक अधिकारों पर अंकुश लगाने जैसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों को उठाते रहेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करवाते रहेंगे।
![]()











