फरीदाबाद के नहर पार सेक्टर-86 में पानी का टैंकर लेकर जा रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। पिता के अनुसार, शनिवार शाम बच्चा सड़क किनारे खेल रहा था। ट्रैक्टर को पीछे करते समय वह उसकी चपेट में आ गया। पुलिस ने चालक को पकड़ लिया है और हादसे की जांच कर रही है।
मृतक बच्चे का नाम राहुल था। परिवार के मुताबिक, 12 अक्टूबर को उसका पहला जन्मदिन था। जन्मदिन से पहले हुए हादसे से परिवार गहरे सदमे में है। राहुल अपने माता-पिता का इकलौता बच्चा था।
बच्चे के पिता जितेंद्र ने बताया कि परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है। वह फरीदाबाद में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करते हैं और करीब चार महीने पहले यहां आए थे। शनिवार शाम करीब पांच बजे राहुल बाहर सड़क किनारे बैठकर खेल रहा था, जबकि वह कमरे के अंदर थे।
जितेंद्र के अनुसार, बाहर बच्चों के शोर की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि उनका बेटा ट्रैक्टर की चपेट में आ गया है। उस समय पानी का टैंकर लगा ट्रैक्टर पीछे किया जा रहा था। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार ने बताया कि राहुल एक वर्ष का होने वाला था। उसकी मौत की सूचना से परिजन शोक में हैं।
खेड़ी थाना पुलिस के , हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक राजकुमार को पकड़ लिया गया है। बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
![]()











