फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में पुस्ता बांध रोड से जमुना कॉलोनी जाने वाले रास्ते पर देर रात एक ब्रेजा कार में आग लग गई। इंजन से धुआं निकलता देखकर चालक ने तुरंत गाड़ी रोकी और बाहर निकल गया। इसके कुछ ही सेकेंड बाद कार आग की लपटों से घिर गई। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
पल्ला थाना पुलिस के मुताबिक, युवक कोचिंग देकर घर लौट रहा था। वह अपनी कार लेकर पुस्ता बांध रोड से जमुना कॉलोनी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। खतरे को देखते हुए उसने बिना देर किए वाहन रोका और बाहर आ गया।
चालक के बाहर निकलने के बाद आग तेजी से फैल गई। कुछ ही सेकेंड में कार लपटों से घिर गई। सड़क पर वाहन में आग लगने से आसपास के लोगों में हलचल मच गई। कार में उस समय चालक अकेला था। समय रहते बाहर निकलने के कारण वह सुरक्षित बच गया।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, इस दौरान कार को नुकसान पहुंचा।
पल्ला थाना इंचार्ज सत्य प्रकाश के अनुसार, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। शुरुआती तौर पर इंजन में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग किस वजह से लगी।
![]()











