करनाल जिले के असंध क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की की पहचान और तस्वीरों का दुरुपयोग कर इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने इस अकाउंट पर आपत्तिजनक तस्वीरें साझा कीं और किशोरी को मैसेज तथा कॉल के जरिए धमकियां दीं। पीड़िता के भाई की शिकायत पर महिला थाना असंध पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी बहन के नाम और फोटो का इस्तेमाल करके फर्जी अकाउंट बनाया है। शिकायत में इस अकाउंट के माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री साझा किए जाने का आरोप लगाया गया है।
भाई के अनुसार, किशोरी ने संबंधित व्यक्ति से उसकी पहचान पूछी और पुलिस में शिकायत करने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद व्यक्ति ने गाली-गलौज की और उसे बदनाम करने की धमकी दी। परिवार ने तस्वीरों का आगे भी गलत इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना के कारण किशोरी भय और मानसिक तनाव में है।
परिवार ने पुलिस से फर्जी अकाउंट चलाने वाले व्यक्ति की पहचान करके कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही अकाउंट से आपत्तिजनक सामग्री हटवाने और तस्वीरों के दुरुपयोग को रोकने की अपील की गई है।
महिला थाना प्रभारी निरीक्षक कनुप्रिया के नेतृत्व में पुलिस मामले की जांच कर रही है। संबंधित इंस्टाग्राम आईडी की पड़ताल की जा रही है, ताकि उसे संचालित करने वाले व्यक्ति तक पहुंचा जा सके। फिलहाल आरोपी की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है।
![]()











