सोनीपत के धड़कन बने MTV हसल 0.5 के विजेता, जीते एक करोड़; वीडियो एडिटिंग से जुटाते थे शो का खर्च

2
Sonipat News

सोनीपत, (राम सिंहमार) : सोनीपत के दक्ष उर्फ धड़कन पेंढरकर ने MTV हसल 0.5 का खिताब जीतकर एक करोड़ रुपये का पुरस्कार हासिल किया है। पैराडॉक्स की टीम से प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले धड़कन का सोमवार को सेक्टर-10 स्थित वर्धमान गार्डेनिया पहुंचने पर स्वागत किया गया।

दक्ष ने आठवीं कक्षा से रैप लिखना और गाना शुरू किया था। इसके बाद संगीत कंपोज करना, मिक्सिंग, मास्टरिंग और वीडियो एडिटिंग भी सीखी। परिवार के अनुसार, 12वीं के बाद उन्होंने रैप पर ज्यादा मेहनत शुरू की और लगातार अपने हुनर को निखारा।

पिता सुधीर पेंढरकर ने बताया कि शुरुआती दिनों में दिल्ली और गुरुग्राम के शो में जाने के लिए दक्ष को दोस्तों से कपड़े, जूते और जैकेट लेने पड़ते थे। दोस्त उन्हें ठहरने और प्रस्तुतियों की तैयारी में भी मदद करते थे। अपना वाहन नहीं होने के कारण वह बस और शेयरिंग टैक्सी से सफर करते थे।

बहन दीक्षा के मुताबिक, दक्ष ने आने-जाने और अन्य खर्च पूरे करने के लिए उनकी कंपनी में वीडियो एडिटिंग का काम किया। पढ़ाई के साथ संगीत के लिए समय निकालते हुए वह कई बार रात ढाई बजे तक रैप की बारीकियां सीखते थे।

परिवार वर्ष 2015 में सोनीपत आकर रहने लगा था। यहां दोस्तों के बीच दक्ष ने हरियाणवी बोली और संस्कृति को समझा। पिता के अनुसार, स्थानीय बोली को अपने रैप में अपनाने से उन्हें अलग पहचान मिली। दोस्त रचित के साथ वह रैप लिखते थे। अब रचित उनकी टीम में मैनेजर की भूमिका निभा रहे हैं।

परिवार ने बताया कि शो में आवेदन की निर्धारित उम्र पूरी होने के लिए दक्ष ने दो साल इंतजार किया। 18 वर्ष का होने पर आवेदन किया और पहली बार में विजेता बने। मार्च में ऑडिशन देने के बाद वह 17 जून को मुंबई रवाना हुए थे।

स्वागत समारोह में मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा, ब्राइट स्कॉलर स्कूल की प्रिंसिपल किरण दलाल, समीक्षा पंवार और ललित पंवार सहित अन्य लोगों ने उन्हें बधाई दी।

Loading