अंबाला में SHO पर हमले का आरोपी गिरफ्तार, 5 दिन के रिमांड पर निखिल; युवक को बचाने पहुंचे थाना प्रभारी पर किया था हमला

3
Ambala News

अंबाला में नग्गल थाना प्रभारी सुरेश कुमार पर हुए हमले के मामले में सीआईए-1 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव छज्जूमाजरा निवासी निखिल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शनिवार को साहा क्षेत्र से उस समय पकड़ा, जब वह कथित तौर पर यमुनानगर भागने की फिराक में था। सोमवार को अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस उससे वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

सीआईए-1 प्रभारी परमिंदर सिंह के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। मुखबिर से सूचना मिली थी कि निखिल साहा की ओर से निकलने वाला है। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने वारदात के समय नशे में होने की बात कही है। हालांकि, घटना में उसकी भूमिका और अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

युवक को बचाने पहुंचे SHO पर किया था हमला

घटना 3 अक्टूबर की रात गांव मटहेड़ी में मिस्टर सिंह रेस्टोरेंट के पास हुई थी। नग्गल थाना प्रभारी सुरेश कुमार अपनी निजी कार से लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ युवकों को एक युवक के साथ मारपीट करते देखा। वह बीच-बचाव करने के लिए कार से उतरे, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू और ईंट-पत्थरों से वार किए। हमले में थाना प्रभारी की गर्दन, हाथ और सिर पर चोटें आई थीं। गंभीर हालत में उन्हें अंबाला शहर के सिविल अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई मारपीट

घटना के करीब छह दिन बाद सोशल मीडिया पर लगभग पांच मिनट दो सेकंड का सीसीटीवी वीडियो सामने आया था। फुटेज में एक युवक के साथ मारपीट और उसे बचाने पहुंचे थाना प्रभारी पर हमले के दृश्य दिखाई दिए थे। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ भी केस दर्ज किया था।

निखिल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। सदर थाना प्रभारी शंभू लाल के अनुसार, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वहीं, रिमांड अवधि के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।

Loading