खरखौदा में डंपर की टक्कर से बाइक सवार राजमिस्त्री की मौत, वाहन सहित फरार चालक की तलाश

3
Sonipat News

सोनीपत। खरखौदा में दिल्ली रोड पर पेट्रोल पंप के पास बुधवार सुबह डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा करीब 8:15 बजे हुआ। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद निवासी 24 वर्षीय हरनाथ के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक डंपर सहित मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, हरनाथ पेशे से राजमिस्त्री था और पिपली गांव में किराए पर रहता था। बुधवार सुबह वह अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए खरखौदा आया था। पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। वहां पंचनामा की प्रक्रिया के बाद शव को शवगृह में रखवाया गया।

दुर्घटना के बाद कुछ समय तक दिल्ली रोड पर यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों की आवाजाही सुचारु करवाई और हादसे से संबंधित जानकारी जुटाई।

फरार डंपर चालक और वाहन की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। फिलहाल चालक के पकड़े जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।

Loading