जमीन और घरेलू कलह ने उजाड़ा परिवार: पूर्व सरपंच पर बेटे को चार गोलियां मारने का आरोप, कोर्ट में किया सरेंडर

5
Jind Murder Case

जींद/सफीदों (एस• के• मित्तल)। हरियाणा के जींद जिले में पूर्व सरपंच द्वारा अपने ही बेटे की कथित हत्या के मामले में पारिवारिक विवाद से जुड़ी नई जानकारियां सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि परिवार में लंबे समय से जमीन बेचने और घरेलू मतभेदों को लेकर तनाव चल रहा था। बुधवार रात इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पूर्व सरपंच मदनलाल ने अपने बेटे मुरारीलाल को चार गोलियां मार दीं, जिससे उसकी मौत हो गई।

गांव की जमीन बेचने को लेकर चल रहा था विवाद

जानकारी के अनुसार, पूर्व सरपंच मदनलाल गांव में स्थित अपनी जमीन बेचना चाहता था। इस फैसले को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच काफी समय से असहमति बनी हुई थी। बुधवार रात भी इसी मुद्दे पर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हुई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मदनलाल ने मुरारीलाल पर चार गोलियां चला दीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

शादी के बाद शुरू हुई थी सास-बहू में अनबन

पारिवारिक विवाद की शुरुआत मुरारीलाल की शादी के कुछ समय बाद हुई थी। बताया जा रहा है कि उसकी मां मंजीत कौर और पत्नी शिवानी के बीच अक्सर मतभेद रहते थे।

इन्हीं विवादों के चलते मुरारीलाल अपनी पत्नी के साथ गांव में अलग रहने लगा था। पत्नी का पक्ष लेने के कारण उसकी मां और बहनों के साथ भी दूरियां बढ़ गई थीं।

कई घंटे बाद अदालत में किया आत्मसमर्पण

घटना के बाद पूर्व सरपंच मदनलाल कई घंटे तक फरार रहा। इसके बाद उसने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत से दो दिन के रिमांड पर लिया है।

रिमांड के दौरान होगी पूछताछ

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से हत्या की परिस्थितियों और पारिवारिक विवाद के विभिन्न पहलुओं को लेकर पूछताछ करेगी। जमीन बेचने को लेकर चल रहे मतभेदों तथा घटना से पहले हुई कहासुनी की भी जांच की जा रही है।

इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। फिलहाल हत्या के पीछे सामने आए कारणों की जांच जारी है। पुलिस पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Loading