करनाल में एसबीआई एटीएम तोड़ने का प्रयास, ग्राइंडर और हथौड़ा लेकर घुसा आरोपी; सीसीटीवी से पहचान में जुटी पुलिस

5
Karnal News

करनाल। अर्जुन गेट के सामने ओल्ड जीटी रोड स्थित एसबीआई के एटीएम में सेंधमारी का प्रयास किया गया। शिकायत के अनुसार, रात करीब 1 बजकर 53 मिनट पर एक अज्ञात व्यक्ति ग्राइंडर मशीन और हथौड़ा लेकर बूथ में घुसा। उसने शटर नीचे करके एटीएम को तोड़ने की कोशिश की। थाना शहर करनाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इलेक्ट्रॉनिक निगरानी में दिखा संदिग्ध
एनसीआर एटीलीओस कॉरपोरेशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि अविनाश सिंह ने ईमेल के माध्यम से पुलिस को शिकायत भेजी। उन्होंने बताया कि कंपनी की सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति एटीएम बूथ में प्रवेश करता दिखाई दिया।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी अपने साथ ग्राइंडर और हथौड़ा लाया था। बूथ में पहुंचने के बाद उसने शटर गिराया और मशीन को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया। इसके बाद बैंक रूम का दरवाजा खोलकर वहां की फॉल्स सीलिंग भी क्षतिग्रस्त कर दी।

एटीएम चेस्ट के बाहरी हिस्से को नुकसान
कंपनी के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही निगरानी केंद्र ने आवश्यक सुरक्षा उपाय किए। बाद में घटनास्थल का निरीक्षण करने पर एटीएम चेस्ट का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला। बैंक रूम का दरवाजा खुला हुआ था और फॉल्स सीलिंग भी टूटी मिली।

शिकायत में मशीन तोड़ने के प्रयास और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का विवरण दिया गया है। नकदी चोरी होने की जानकारी सामने नहीं आई है। कंपनी ने घटनास्थल और संदिग्ध व्यक्ति से जुड़े फोटो भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।

एसआई विजय कुमार को सौंपी जांच
अविनाश सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305, 324(4) और 62 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एसआई विजय कुमार को सौंपी गई है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने तथा घटनाक्रम का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Loading