रोहतक में बच्ची के यौन उत्पीड़न मामले में माता-पिता गिरफ्तार, स्कूल पर लगाए आरोपों की भी जांच

3
Rohtak News

रोहतक। चार वर्षीय बच्ची के यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने उसके पिता और मां को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जांच में पिता पर बच्ची का यौन उत्पीड़न करने और मां पर घटना की जानकारी छिपाने के आरोप सामने आए हैं। दोनों को अदालत से पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

शुरुआत में परिवार ने स्कूल में घटना होने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ यौन उत्पीड़न और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद विशेष जांच टीम ने घटनाक्रम की पड़ताल की।

काउंसलिंग के बाद जांच की दिशा बदली
बाल कल्याण समिति के चेयरमैन एडवोकेट सतीश कौशिक ने बताया कि शुरुआती काउंसलिंग के दौरान टीम को कुछ बातों पर संदेह हुआ था। उनके अनुसार, दूसरी बार बातचीत के दौरान बच्ची की जगह अभिभावक अधिक बोल रहे थे।

कौशिक ने बताया कि तीसरी काउंसलिंग में बच्ची से अलग बातचीत की गई। इस दौरान सामने आई जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद जांच की दिशा बदली। बच्ची के मजिस्ट्रेट के समक्ष भी बयान दर्ज कराए गए थे।

माता-पिता से पूछताछ के बाद गिरफ्तारी
पुलिस का कहना है कि समिति से जानकारी मिलने के बाद एसआईटी ने माता-पिता से पूछताछ की। जांच में पिता की कथित संलिप्तता और मां को घटना की जानकारी होने की बात सामने आई। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से डिजिटल गतिविधियों और अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की।

स्कूल पर आरोप लगाने की वजह तलाश रही पुलिस
महम के डीएसपी तनुज शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों से रिमांड के दौरान पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि स्कूल में घटना होने का आरोप क्यों लगाया गया और इसके पीछे क्या मंशा थी।

मामले में सामने आए दावे पुलिस की जांच पर आधारित हैं। आरोपियों की भूमिका और घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों की जांच जारी है।

Loading