सिरसा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल के छोटे बेटे नीतेश बेनीवाल की शादी 21 अक्टूबर को कोमल प्रीत रंधावा के साथ होगी। परिवार की ओर से पैतृक गांव दड़बा में स्वागत समारोह और करीब 20 हजार लोगों के भोज की व्यवस्था की जा रही है। शादी के लिए राहुल गांधी, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और सांसद कुमारी सैलजा समेत कई नेताओं को निमंत्रण दिया गया है।
परिवार के अनुसार, दड़बा से करीब 100 से 150 परिजन और रिश्तेदार बारात लेकर चंडीगढ़ जाएंगे। गांव में होने वाले रिसेप्शन के लिए आसपास के गांवों के लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। नेताओं को निमंत्रण दिया गया है, हालांकि उनके कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि सामने नहीं आई है।
इंटीरियर डिजाइनर हैं कोमल प्रीत
कोमल प्रीत रंधावा मोहाली की रहने वाली हैं और पेशे से इंटीरियर डिजाइनर हैं। उनके पिता जगजीत सिंह रंधावा सेना से कर्नल के पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि मां वंदना वकालत करती हैं। कोमल अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं।
नीतेश संभालते हैं पारिवारिक कारोबार
संतोष बेनीवाल के दो बेटे हैं। बड़े बेटे दीपेश की शादी हो चुकी है। छोटे बेटे नीतेश ने बीए की पढ़ाई की है और वह परिवार का कारोबार संभालते हैं। शादी को लेकर परिवार में तैयारियां चल रही हैं। आयोजन में रिश्तेदारों के साथ सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी बुलाया गया है।
सरपंच पद से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
संतोष बेनीवाल दड़बा गांव की सरपंच रह चुकी हैं। वह सरपंच एसोसिएशन की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रही हैं। वर्ष 2025 में कांग्रेस ने उन्हें सिरसा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी।
वह ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बेनीवाल के परिवार से हैं। शादी के निमंत्रण देने के सिलसिले में उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की है। परिवार गांव के स्वागत समारोह और चंडीगढ़ जाने वाली बारात की व्यवस्थाएं कर रहा है।
![]()











