सफीदों, (एस• के• मित्तल) : आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सफीदों में एसडीएम पुलकित मल्होत्रा की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 8 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निवारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं रखने और समयबद्ध राहत प्राप्त करने की सुविधा देना है, ताकि उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव नहीं है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। संबंधित अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई पूरी करें और शिकायतों के निपटारे में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। साथ ही, जिन शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है, उनके संबंध में एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) भरकर आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ समय पर मिले। इसके लिए अधिकारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील रहते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कार्य करना चाहिए। इस मौके पर नायब तहसीलदार संजय परासर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
![]()











