गुरुग्राम में दंपति की मौत: पत्नी के भाई ने दर्ज कराई हत्या की एफआईआर, ईमेल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच

1
Gurugram News

गुरुग्राम। सेक्टर-68 की एम3एम मरीना सोसाइटी में इंजीनियर मोहम्मद असलम और उनकी पत्नी फरहाना की मौत के मामले में पुलिस ने फरहाना के भाई की शिकायत पर हत्या की एफआईआर दर्ज की है। शिकायतकर्ता ने अपने जीजा असलम पर बहन की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पत्नी की हत्या के बाद असलम द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका की जांच कर रही है।

जांच में सामने आया है कि 30 वर्षीय असलम ने मौत से पहले अपनी कंपनी को तीन ईमेल भेजे थे। इनमें 14 अक्टूबर को भेजे गए ईमेल में छुट्टी मांगी गई थी। अगले दिन सुबह भेजे गए संदेशों में उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर संकेत थे। एक ईमेल में उन्होंने परिवार और परिचितों के संपर्क नंबर भी दिए थे।

कंपनी के अधिकारियों ने ईमेल देखने के बाद पुलिस को सूचना दी। एक संदेश में मानसिक परेशानी का उल्लेख भी मिला है। हालांकि, दोनों की मौत की परिस्थितियों और घटनाक्रम को स्पष्ट करने के लिए पुलिस अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है। फ्लैट से मिले नोट की जांच भी की जा रही है।

असलम और फरहाना मूल रूप से केरल के रहने वाले थे। करीब तीन महीने पहले दोनों बेंगलुरु से गुरुग्राम आए थे और यहां सोसाइटी में फ्लैट लिया था। असलम ने एनआईटी कालीकट और आईआईएम इंदौर से पढ़ाई की थी। वह इंडोनेशिया की एक टेक्नोलॉजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे, जिसका कार्यालय गुरुग्राम के सेक्टर-58 में है। फरहाना गृहिणी थीं।

पुलिस फरहाना की मौत के कारणों की जांच कर रही है। जांच के लिए फ्लैट से मोबाइल फोन और लैपटॉप कब्जे में लेकर फॉरेंसिक परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। डिजिटल उपकरणों, ईमेल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Loading