सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के राजकीय महाविद्यालय में प्लेसमेंट सेल के सहयोग से सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर एक संवादात्मक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता प्राचार्या डॉ. सविता पुनिया ने की। कार्यशाला में बतौर मुख्य वक्ता वृंदा मलिक ने शिरकत की। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में करियर की विभिन्न संभावनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। मुख्यवक्ता वृंदा मलिक ने विद्यार्थियों को सामाजिक कार्य, नीति निर्माण, शासन व्यवस्था, अनुसंधान, संचार, विकास तथा शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचियों, व्यक्तिगत क्षमताओं और कौशल को पहचानकर भविष्य के लिए सही दिशा चुनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने कौशल विकसित करने तथा प्रभावशाली व्यावसायिक परिचय तैयार करने के लिए मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर डॉ. सरला सहरावत, डॉ. रीनू, मनोज कुमार, ज्योति, कीर्ति व अनिल वत्स विशेष रूप से मौजूद रहे।
![]()











