सफीदों, (एस• के• मित्तल) : दुर्गाष्टमी के अवसर पर उड़ान ग्रुप ट्रस्ट ने सोमवार को ईंट-भट्ठों पर पहुंचकर कन्या पूजन किया और जरूरतमंद परिवारों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। संस्था की महिला विंग की अध्यक्ष ज्योति थनई की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों व सदस्यों ने नगर के आसपास स्थित ईंट-भट्ठों पर जाकर कन्याओं का पूजन किया। इसके बाद मजदूरों, उनके परिवारों और बच्चों को बैठाकर भोजन करवाया गया। इस अवसर पर महिला विंग की अध्यक्ष ज्योति थनई ने कहा कि उड़ान ग्रुप ट्रस्ट समाज और क्षेत्र की सुख-शांति तथा समृद्धि के लिए निरंतर सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। दुर्गाष्टमी पर ईंट-भट्ठों में रहने वाले मजदूर परिवारों के बीच कन्या पूजन करने का उद्देश्य भी उनके साथ पर्व की खुशियां साझा करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। ज्योति थनई ने धार्मिक मान्यताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कन्या पूजन को शुभता, सुख-समृद्धि और परिवार के कल्याण का प्रतीक माना जाता है। नवरात्र के दौरान कन्याओं का सम्मान और पूजन करने की परंपरा भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व रखती है।
![]()











