इटली की महिला डिजाइनर से ऑनलाइन ठगी के आरोपी की भौंडसी जेल में तबीयत बिगड़ने से मौत, शादी का झांसा देकर 900 यूरो लेने का था आरोप

5
Gurugram News

गुरुग्राम। इटली की महिला ज्वेलरी डिजाइनर से ऑनलाइन दोस्ती कर शादी का झांसा देने और करीब 97 हजार रुपए की ठगी करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी अखिल मौर्य की सोमवार सुबह गुरुग्राम की भौंडसी जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। जेल प्रशासन द्वारा उसे सेक्टर-10ए स्थित सरकारी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। जानकारी के मुताबिक, इटली निवासी 50 वर्षीय ज्वेलरी डिजाइनर डेनिएला ने अखिल के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस में ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई थी। महिला के अनुसार, मार्च 2026 में इंस्टाग्राम पर एक जर्मन गायिका की पोस्ट के कमेंट सेक्शन के माध्यम से दोनों की बातचीत शुरू हुई थी। अखिल ने खुद को एआई फिल्म क्रिएटर और ज्वेलरी डिजाइनर बताया तथा शुरुआत में महिला के व्यवसाय के लिए निशुल्क एआई वीडियो तैयार किए। आरोप है कि धीरे-धीरे उसने महिला से नजदीकियां बढ़ाईं और शादी करने की बात कहने लगा। बाद में नौकरी छूटने और आर्थिक परेशानी का हवाला देकर पैसे मांगने शुरू कर दिए। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने चार अगस्त और दस सितंबर को वेस्टर्न यूनियन के माध्यम से 450-450 यूरो भेजे। इस प्रकार कुल 900 यूरो, लगभग 97 हजार रुपए, आरोपी को दिए गए। महिला का आरोप है कि इसके बावजूद अखिल लगातार अतिरिक्त रकम मांगता रहा। संदेह होने पर उन्होंने उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की और कानूनी कार्रवाई का निर्णय लिया। पहले इटली की पुलिस से संपर्क करने के बाद डेनिएला भारत पहुंचीं और गुरुग्राम साइबर क्राइम के एसीपी गौरव फोगाट को शिकायत दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अखिल को सेक्टर-17 क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। महिला के मुताबिक, शिकायत दर्ज कराने के लिए भारत आने पर उनके करीब दो लाख रुपए खर्च हुए। गिरफ्तारी के बाद आरोपी न्यायिक हिरासत में भौंडसी जेल में बंद था। सोमवार तड़के तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Loading