कैथल/करोड़ा। नेशनल हाईवे 152डी पर गांव करोड़ा के नजदीक दो कारों की टक्कर में पंचकूला जिले के एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव जासपुर निवासी करीब 35 वर्षीय बिंटू राम के रूप में हुई है। वह अपने भाइयों के साथ सफीदों स्थित गोरी धाम बाबा सबल पर पूजा-अर्चना करने आया था। वापस घर लौटते समय पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी कार सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दूसरे कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंचकूला से सफीदों आए थे तीनों भाई
गांव जासपुर, जिला पंचकूला निवासी परमजीत सिंह ने पूंडरी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बिजली का काम करता है। परिवार में वे तीन भाई हैं। उसका छोटा भाई बिंटू राम कृषि विभाग में चौथी श्रेणी के पद पर कच्चे कर्मचारी के रूप में कार्यरत था।
परमजीत सिंह के अनुसार, 20 अक्टूबर को वह अपने भाइयों के साथ गांव से सफीदों स्थित गोरी धाम बाबा सबल पर पूजा करने के लिए निकले थे। वहां पूजा-अर्चना करने के बाद अगले दिन शाम को तीनों अपने गांव जासपुर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे नेशनल हाईवे 152डी पर गांव करोड़ा के पास पहुंचे, तो पीछे से तेज गति से आई एक कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और बिंटू राम गंभीर रूप से घायल हो गया।
चंडीगढ़ पीजीआई में तोड़ा दम
हादसे के बाद घायल बिंटू राम को उपचार के लिए कैथल नागरिक अस्पताल ले जाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
परमजीत सिंह की शिकायत पर पूंडरी थाना पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है। तेज रफ्तार के कारण हुई इस दुर्घटना ने एक परिवार को गहरा दुख दिया है।
![]()











