रोहतक। रोहतक-भिवानी रेलखंड पर रेलवे फाटक की मरम्मत और निर्माण कार्यों के चलते वाहन चालकों को अगले कुछ दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने फाटक संख्या LC 27C को 23 अक्टूबर सुबह 6 बजे से 26 अक्टूबर रात 10 बजे तक यातायात के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है। इसके अलावा संगत यार्ड में स्थित रेलवे फाटक संख्या 14 को भी 26 अक्टूबर से बंद किया जाएगा। रेलवे ने लोगों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
रेलवे फाटक संख्या LC 27C पर मरम्मत का काम किया जाएगा। यह फाटक खेतों को रोहतक-भिवानी हाईवे से जोड़ता है। इसके बंद रहने के दौरान इस मार्ग से आने-जाने वाले वाहन चालकों को दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ेगा। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बंद फाटक से गुजरने का प्रयास न करें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
इस दौरान गांव खरड़ी मोड़ और महम-कलानौर रोड की ओर जाने वाले रेलवे फाटक संख्या 26C सहित अन्य वैकल्पिक रास्तों से आवागमन किया जा सकता है। रेलवे और प्रशासन की ओर से लगाए गए संकेतकों के अनुसार ही यात्रा करने की सलाह दी गई है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।
26 अक्टूबर से रेलवे फाटक संख्या 14 भी होगा बंद
रेलवे द्वारा संगत यार्ड में स्थित समपार फाटक संख्या 14, जो रेलवे किलोमीटर 17/1-2 पर है, के स्थान पर रोड अंडर ब्रिज (RUB) का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य को देखते हुए इस फाटक को 26 अक्टूबर से यातायात के लिए बंद कर दिया जाएगा।
फाटक संख्या 14 बंद होने के बाद वाहन चालक समपार फाटक संख्या 13, जो रेलवे किलोमीटर 15/6-7 पर स्थित है, से आवागमन कर सकेंगे। रेलवे ने आमजन से असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने और रेलवे तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया है।
![]()











