पुलिस-बदमाश के बीच मुठभेड़, त्रिशूल गैंग का सदस्य पैर में गोली लगने से घायल

4
Karnal Encounter

नाकाबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

करनाल जिले में पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। घटना तरावड़ी क्षेत्र में गांव भैणी खुर्द और रुकनपुर के बीच रजबाहे की पुलिया पर हुई। यहां पुलिस की ओर से नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बदमाश को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, बदमाश ने दो बार गोली चलाई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली बदमाश की टांग में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे काबू में लेकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

त्रिशूल गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा आरोपी

पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश त्रिशूल गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। मुठभेड़ के बाद उसे करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किस वारदात को अंजाम देने के इरादे से जा रहा था। इसके अलावा, उसके पास हथियार कहां से आया और क्या वह किसी अन्य आपराधिक घटना में शामिल रहा है, इन पहलुओं की भी जांच की जाएगी।

इलाज के बाद कोर्ट में किया जाएगा पेश

जानकारी के अनुसार, आरोपी का इलाज पूरा होने के बाद पुलिस उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर अदालत में पेश करेगी। इसके बाद रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी है। पुलिस पूछताछ के दौरान उसके आपराधिक नेटवर्क, हथियार की सप्लाई और संभावित वारदातों से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास करेगी।

फिलहाल, मामले में जांच जारी है। आरोपी की पहचान, उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों और मुठभेड़ से जुड़े अन्य तथ्यों की विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।

Loading