रेलवे स्टेशन पर खूनी हमला: सालासर से लौट रहे श्रद्धालुओं को फुट ओवरब्रिज पर घेरा, चाकू मारकर युवक की हत्या

4
Hisar Railway Station Murder

ट्रेन में हुड़दंग का विरोध करने पर बढ़ा विवाद

हरियाणा के हिसार रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। सालासर धाम में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के जत्थे पर कुछ बदमाशों ने फुट ओवरब्रिज पर घेरकर हमला कर दिया। आरोप है कि ट्रेन में भोंपू बजाने और हुड़दंग मचाने का विरोध करने के कारण बदमाश श्रद्धालुओं से रंजिश रखने लगे थे। इसी विवाद के चलते रेलवे स्टेशन पर उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए गए।

हमले में सिरसा जिले के जोधकां गांव निवासी 25 वर्षीय करण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके तीन साथी मोनू, राहुल और शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन नामजद समेत कई आरोपियों पर केस दर्ज

मामले में GRP थाना हिसार पुलिस ने मृतक के भाई अर्जुन गिरी की शिकायत पर कार्रवाई की है। शिकायत के आधार पर शास्त्री नगर निवासी मोहित चौहान, अरुण वाल्मीकि और जेल क्वार्टर निवासी रितिक समेत 6 से 7 अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 103(1), 115(2), 190, 191(2), 191(3) और 351(3) के साथ आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 54 और 59 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब हमले की वजह और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

घटनास्थल के पास से चाकू बरामद

जांच के दौरान पुलिस को फुट ओवरब्रिज के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू मिला है। बरामद चाकू की कुल लंबाई 35 सेंटीमीटर बताई गई है। इसमें 19 सेंटीमीटर लंबा फल और 16 सेंटीमीटर का हत्था है। पुलिस इस बरामदगी को जांच में अहम साक्ष्य के तौर पर देख रही है।

हत्या के बाद पुलिस की जांच तेज

सालासर धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुई इस वारदात ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। एक युवक की मौत और तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में पुलिस आरोपियों की पहचान, घटना के क्रम और हमले के पीछे की वजहों की पड़ताल कर रही है। दर्ज शिकायत और बरामद हथियार के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Loading