19 वर्षीय युवती नकदी और सोने के आभूषण लेकर लापता, भाई की शिकायत पर केस दर्ज

1
Missing Girl Palwal

पलवल: हरियाणा के पलवल में कैंप थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी से 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के परिजनों का कहना है कि वह घर से लापता होने के साथ ही 1 लाख 65 हजार रुपये नकद और सोने की दो अंगूठियां भी घर से गायब हैं। काफी तलाश करने के बावजूद युवती का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद युवती के भाई ने कैंप थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

18 अक्टूबर को घर से लापता हुई युवती

कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने शिकायत में बताया कि वे पांच बहन-भाई हैं। उसकी 19 वर्षीय छोटी बहन 18 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे घर से लापता हो गई थी। जब देर शाम तक वह वापस नहीं लौटी तो परिवार के लोगों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी।

रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश, नहीं मिला सुराग

युवती के भाई ने बताया कि परिवार ने अपने रिश्तेदारों, मित्रों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद घर में जांच करने पर पता चला कि 1 लाख 65 हजार रुपये नकद और 1.5-1.5 ग्राम वजन की सोने की दो अंगूठियां भी गायब हैं।

परिजनों ने युवती के लापता होने और नकदी व आभूषण गायब मिलने की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।

किठवाड़ी पुल चौकी पुलिस कर रही जांच

युवती के भाई की शिकायत पर कैंप थाना की किठवाड़ी पुल चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच ईएसआई खेमचंद को सौंपी गई है।

पुलिस के अनुसार, युवती का पता लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल उसके लापता होने के कारणों और नकदी व आभूषणों के गायब होने के संबंध में जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि युवती का सुराग लगाकर उसे परिजनों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Loading