रोडवेज की 40 टाटा बसों में लगातार खराबी, रोजाना एक दर्जन से ज्यादा बसें हो रहीं खराब

10
Rewari Roadways

हरियाणा के रेवाड़ी रोडवेज डिपो में यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। करीब 11 महीने पहले डिपो में शामिल की गई टाटा कंपनी की 40 बसों में बार-बार तकनीकी खराबी आने से बस संचालन प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि प्रतिदिन एक दर्जन से अधिक बसें तकनीकी दिक्कतों के कारण खराब हो जाती हैं। कई बसें मरम्मत के बाद दोबारा रूट पर भेजी जाती हैं, लेकिन कुछ समय चलने के बाद फिर से खराब हो जाती हैं।

रोडवेज चालकों के अनुसार, बस चलते समय अचानक रेस देना बंद कर देती है। ऐसी स्थिति में यात्रियों को बीच रास्ते में परेशानी का सामना करना पड़ता है। खराब होने वाली बसों को रूट से वापस कार्यशाला या कंपनी के सर्विस स्टेशन भेजना पड़ता है। बार-बार बसें खराब होने के कारण लोकल और लंबे रूटों पर बसों के फेरे प्रभावित हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, सरकार की ओर से करीब एक साल पहले कंपनी से 40 बसें खरीदी गई थीं। इन बसों को रेवाड़ी डिपो में आए लगभग 11 महीने हो चुके हैं। इनकी शुरुआती 1.50 लाख किलोमीटर तक की मेंटेनेंस मुफ्त रखी गई थी। अब तक बसें करीब 1.40 लाख किलोमीटर चल चुकी हैं। इसके बावजूद इनमें लगातार तकनीकी खामियां सामने आ रही हैं।

समस्या यह भी है कि खराब बसों को ठीक करवाने के लिए कंपनी के सर्विस स्टेशन भेजना पड़ता है। कई बार मरम्मत के लिए भेजी गई बसें करीब एक महीने तक वहीं खड़ी रहती हैं। इससे डिपो में उपलब्ध बसों की संख्या कम हो जाती है और नियमित संचालन पर असर पड़ता है।

बसों में लगातार आ रही तकनीकी खराबी के कारण रोडवेज प्रबंधन के सामने भी संचालन व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो रही है। वहीं, बसों के बार-बार खराब होने से यात्रियों को समय पर परिवहन सुविधा मिलने में परेशानी हो रही है।

Loading