स्कूलों में शुरू होगा ‘साथ’ प्रोजेक्ट, कक्षा 6 से 12 तक के बच्चों को मिलेगी मानसिक स्वास्थ्य सहायता

10
Panchkula News

पंचकूला। पंचकूला में 6 साल की बच्ची के साथ स्कूल के एक नाबालिग छात्र द्वारा मारपीट की घटना के बाद हरियाणा सरकार ने स्कूलों में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने की पहल की है। स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग मिलकर स्कूलों में मानसिक स्वास्थ्य सहायता प्रणाली विकसित करने की योजना बना रहे हैं।

इसके तहत प्रस्तावित ‘साथ’ प्रोजेक्ट के माध्यम से कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को स्कूल स्तर पर मानसिक और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं की समय रहते पहचान करना और उन्हें उचित मदद दिलाना है।

परीक्षा का तनाव, चिंता और अवसाद पर रहेगा फोकस

प्रस्तावित योजना में विद्यार्थियों की कई तरह की मानसिक और सामाजिक समस्याओं को शामिल किया गया है। इनमें परीक्षा का तनाव, चिंता, अवसाद, बुलिंग, सामाजिक अलगाव और अत्यधिक स्क्रीन इस्तेमाल जैसी समस्याएं प्रमुख हैं।

योजना के तहत बच्चों के व्यवहार और मानसिक स्थिति में होने वाले बदलावों को समय रहते पहचानने पर जोर दिया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें उचित सहायता मिल सके।

शिक्षक और अभिभावक भी होंगे योजना का हिस्सा

‘साथ’ प्रोजेक्ट में केवल विद्यार्थियों को ही नहीं, बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों को भी शामिल करने की योजना है। इसके अलावा मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मदद से बच्चों को आवश्यक मार्गदर्शन और परामर्श उपलब्ध कराने पर विचार किया जा रहा है।

इस पहल का उद्देश्य स्कूलों में ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां विद्यार्थी बिना डर या झिझक के अपनी मानसिक और भावनात्मक परेशानियां साझा कर सकें।

समय रहते समस्याओं की पहचान करना उद्देश्य

स्कूल जाने की उम्र में बच्चों पर पढ़ाई, परीक्षा, सामाजिक संबंधों और डिजिटल माध्यमों का प्रभाव पड़ता है। ऐसे में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों की शुरुआती पहचान और उचित सहायता महत्वपूर्ण हो सकती है।

Loading